Greater Noida Dowry Death: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामले में पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
14 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक के साथ धूमधाम से हुई थी। दीपिका के पिता संजय नगर ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में काफी तेज थी और उसने बीए व बीएड तक की पढ़ाई पूरी की थी। परिवार ने बड़े सपनों के साथ उसकी शादी की थी।
शादी के बाद बढ़ीं दहेज की मांगें
परिजनों के मुताबिक शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी, लाखों रुपये के जेवर और अन्य घरेलू सामान दहेज में दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दीपिका को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
फोन पर बताती थी अपनी परेशानी
मायके वालों का कहना है कि दीपिका कई बार फोन कर अपनी तकलीफ साझा करती थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले दहेज को लेकर दबाव बनाते हैं और मानसिक रूप से परेशान करते हैं। परिवार ने कई बार समझौते की कोशिश भी की, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया।
17 मई को मिली मौत की खबर
17 मई को अचानक दीपिका की मौत की सूचना उसके मायके पहुंची। खबर सुनते ही परिवार जलपुरा गांव पहुंचा, जहां बेटी की मौत से कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को छत से फेंककर मार दिया गया।
पुलिस ने पति और ससुर को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहेज प्रथा पर फिर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की भयावह तस्वीर सामने लाती है। शादी में भारी खर्च और दहेज देने के बावजूद लालच कम नहीं होता और कई बेटियां इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकाती हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार बेटी के लिए इंसाफ की मांग कर रहा है।
ये भी पढ़ें: केरलम में ‘सतीशन राज’ की शुरुआत, नई सरकार ने ली शपथ; राहुल और प्रियंका भी रहे मौजूद

