West Bengal News: आसनसोल में बवाल: पुलिस चौकी पर पथराव, उपद्रवियों ने वाहनों में की तोड़फोड़पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले से तनाव की बड़ी खबर सामने आई है। धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब समुदाय विशेष की भीड़ ने पुलिस चौकी के सामने जमकर हंगामा किया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, साथ ही चौकी में तोड़फोड़ कर इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया और आसपास की कई वाहनों में तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
लाउडस्पीकर की आवाज कम रखने के दिए निर्देश
सीएम शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद आसनसोल के जहांगिरी मोहल्ला पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी रेलपार इलाके में दोनों समुदायों के लोगों को धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज कम रखने का प्रशासनिक संदेश देने पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिरों और मस्जिदों में बैठक चल रही थी, लेकिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। समुदाय विशेष के कुछ असामाजिक तत्व बड़ी संख्या में पुलिस चौकी पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने चौकी में घुसकर तोड़फोड़ की और आसपास के इलाके में भी नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
भीड़ को खदेड़ने के लिए टियर गैस छोड़े गए
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने उपद्रवियों को काबू में करने के लिए टियर गैस के गोले छोड़े और भीड़ को इलाके से खदेड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं टीएमसी और कांग्रेस के पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

