Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच एजेंसी CBI को बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई ने मुजफ्फरनगर पुलिस के सहयोग से राजकुमार सिंह नामक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी इस वारदात का मुख्य शूटर बताया जा रहा है। अब सीबीआई ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को कोलकाता ले जाकर स्पेशल CBI कोर्ट में पेश करेगी।
चुनाव परिणाम के बाद हुई थी हत्या
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद 6 मई की रात चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रथ कोलकाता की ओर जा रहे थे, तभी नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के दोलतला इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच फिलहाल CBI कर रही है।
पहले SIT, फिर CBI को सौंपी गई जांच
हत्या के बाद मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने रथ के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंप दी गई।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
सीबीआई इससे पहले भी इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से पकड़ा गया था, जबकि राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से हिरासत में लिया गया था। राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब इस केस में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
हत्या के बाद तेज हुई थी सियासत
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी जमकर बयानबाजी हुई थी। भारतीय जनता पार्टी ने इस वारदात के लिए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा था। कई भाजपा नेताओं ने इस घटना को राजनीतिक साजिश बताते हुए टीएमसी नेताओं पर सवाल उठाए थे।
हालांकि, All India Trinamool Congress ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी की ओर से कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग भी की गई थी ताकि आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जा सके।
ये भी पढ़ें: Rashifal 19 May 2026: मेष से मीन तक कैसा रहेगा आपका दिन? पढ़ें आज का राशिफल

