होम = Breaking = नतीजों के बाद बेकाबू बंगाल! दफ्तर जले, मूर्तियां टूटीं और चले बुलडोजर

नतीजों के बाद बेकाबू बंगाल! दफ्तर जले, मूर्तियां टूटीं और चले बुलडोजर

West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है।

TMC के पार्टी कार्यालय में आगजनी

आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय में देर रात आग लगा दी गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरा दफ्तर जलकर खाक हो गया और पास की एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना अचानक हुई और कारण अब तक स्पष्ट नहीं है।

लेनिन की प्रतिमा को तोड़ा

इसी बीच मुर्शिदाबाद के जियागंज में दशकों पुरानी लेनिन की प्रतिमा को तोड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। तृणमूल कांग्रेस ने विपक्षी दल पर आरोप लगाए, जबकि दूसरी ओर इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है।

इलाके में बुलडोजर कार्रवाई

नदिया जिले में कांग्रेस ने एक TMC कार्यालय पर कब्जा करने का दावा किया है, यह कहते हुए कि वह कार्यालय पहले उनका था। वहीं, कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर कार्रवाई ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। कुछ लोगों के समूह ने कथित तौर पर टीएमसी के एक दफ्तर को निशाना बनाते हुए उसे गिरा दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ीं।

राजनीतिक नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। चुनाव के बाद भड़की यह हिंसा अब कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

ये भी पढ़ें: ममता के इस्तीफे वाले बयान पर सुवेंदु का आया रिएक्शन, कहा- “संविधान में सब लिखा है, ज्यादा कहने की जरूरत नहीं”