होम = Cover Story Top = बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद बड़ा कदम

बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह, BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद बड़ा कदम

BJP Wins West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ऐतिहासिक जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

दिल्ली में होगी हाई-लेवल बैठक

सरकार गठन की रणनीति तय करने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता जल्द ही दिल्ली में अहम बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी, समिक भट्टाचार्य, भूपेंद्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब देब और अमित मालवीय जैसे बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के साथ मंत्रिमंडल गठन, विभागों के बंटवारे और आगे की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

9 मई का खास महत्व

सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण की तारीख तय करते समय बंगाल की सांस्कृतिक भावनाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है, जो राज्य में बेहद सम्मान के साथ मनाई जाती है। ऐसे में इस दिन या इसके आसपास शपथ ग्रहण करना राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बीजेपी का ऐतिहासिक प्रदर्शन

इस बार के विधानसभा चुनाव में BJP ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो दो-तिहाई बहुमत से भी ज्यादा है। वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) महज 80 सीटों तक सिमट गई। एक सीट पर अभी भी बढ़त की स्थिति बनी हुई है। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं।

हार के बाद TMC का पलटवार

चुनाव परिणामों के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 100 सीटों पर मतगणना के दौरान गड़बड़ी हुई और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और अपनी जीत को जनता का जनादेश बताया है।

ये भी पढ़ें: बंगाल में सियासी भूचाल, ’24 घंटे में खत्म हो जाएगी TMC’, शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा