Bada Mangal 2026: हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन भगवान हनुमान की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह में आने वाले सभी मंगलवारों को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है, जिनका विशेष धार्मिक महत्व होता है। आज ज्येष्ठ महीने का तीसरा बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। इस दिन भक्त विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा-अर्चना करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
मान्यता है कि बड़े मंगल के दिन सच्चे मन से की गई पूजा और उपायों से हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इससे जीवन के संकट दूर होते हैं, शत्रुओं का भय समाप्त होता है और घर में सुख-शांति बनी रहती है। धर्म शास्त्रों में इस दिन कुछ खास उपाय बताए गए हैं, जिन्हें करने से मनोकामनाएं पूरी होने की मान्यता है।
बड़े मंगल पर करें ये खास उपाय
बड़े मंगल के दिन सुबह स्नान करने के बाद पीपल के पेड़ को प्रणाम करें और उसके 11 या 21 पत्ते तोड़ लें। इन पत्तों पर सिंदूर या लाल चंदन से ‘श्रीराम’ लिखें। इसके बाद कलावे की सहायता से इन पत्तों की माला बनाकर पूजा के समय हनुमान जी को अर्पित करें। मान्यता है कि ऐसा करने से बजरंगबली प्रसन्न होते हैं और भक्तों की इच्छाएं पूरी करते हैं।
हनुमान जी की पूजा के बाद पीपल के पेड़ में जल अर्पित करें और सरसों के तेल का दीपक जलाएं। दीपक में दो लौंग और कुछ काले तिल डालना शुभ माना जाता है। इसके बाद पीपल के नीचे बैठकर तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इससे करियर और व्यापार में सफलता मिलने लगती है।
इसके अलावा बड़े मंगल के दिन व्रत रखकर हनुमान जी को सिंदूरी चोला चढ़ाना भी बेहद फलदायी माना गया है। पूजा में गुड़ और चने का भोग लगाएं। साथ ही पान के सात पत्तों पर सुपारी और दो-दो लौंग रखकर अर्पित करें। मान्यता है कि इस उपाय को करने से आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका के सैन डिएगो में मस्जिद के बाहर अंधाधुंध गोलीबारी, 3 की मौत

