Rupee Falls Against Dollar: भारतीय रुपये में लगातार कमजोरी का दौर जारी है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 18 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.38 के स्तर पर पहुंच गया। पिछले सात कारोबारी सत्रों से रुपये में गिरावट बनी हुई है और इस दौरान यह करीब 2.2 प्रतिशत कमजोर हो चुका है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और एशियाई बाजारों में कमजोरी के चलते भारतीय मुद्रा पर लगातार दबाव बना हुआ है।
शेयर बाजार में मामूली बढ़त देखने को मिली
रुपये में लगातार कमजोरी के बीच मंगलवार सुबह भारतीय शेयर बाजार में हल्की रिकवरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 करीब 0.11 फीसदी बढ़कर 23,675 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि BSE सेंसेक्स 0.17 फीसदी की तेजी के साथ 75,441 अंक के करीब कारोबार करता नजर आया। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा थोड़ा मजबूत हुआ है, जिससे बाजार में सीमित बढ़त देखने को मिल रही है।
3 महीने से जारी है ईरान युद्ध
करीब तीन महीने से जारी अमेरिका-ईरान तनाव पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने सोमवार को ईरान के साथ संभावित न्यूक्लियर डील के संकेत दिए, जिसके बाद वैश्विक बाजारों में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में हालात सुधरते हैं, तो कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आ सकती है, जिससे भारतीय रुपये और घरेलू शेयर बाजार को भी राहत मिलने की संभावना है।

