होम = Breaking = Vidhan Sabha Chunav Results 2026: बंगाल में सत्ता संग्राम, रुझानों में बीजेपी आगे, क्या बदल जाएगी सियासत की दिशा?

Vidhan Sabha Chunav Results 2026: बंगाल में सत्ता संग्राम, रुझानों में बीजेपी आगे, क्या बदल जाएगी सियासत की दिशा?

Vidhan Sabha Chunav Results 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति इस समय बेहद दिलचस्प मोड़ पर खड़ी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा छाया हुआ है। यह वही चुनाव है जिसे राज्य के इतिहास का सबसे आक्रामक और हाई-वोल्टेज मुकाबला माना जा रहा है।

इस बार मुकाबला सीधा तौर पर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा। दोनों ही दलों ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। प्रचार से लेकर रणनीति तक, हर स्तर पर जोरदार टक्कर देखने को मिली।

वोटों की गिनती जारी

मतगणना राज्य के 23 जिलों में बने 77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में हो रही इस प्रक्रिया में कुल 293 विधानसभा सीटों पर किस्मत आजमाने वाले 2,926 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होना है। हर राउंड के साथ तस्वीर साफ होती जा रही है और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

क्या BJP रचने वाली है इतिहास

वोटिंग के बाद जनता की नजरें इसी सवाल पर टिकी थीं क्या ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेंगी या फिर भाजपा इतिहास रचते हुए पहली बार बंगाल में सरकार बनाएगी? शुरुआती संकेत इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना रहे हैं।

चार अन्य राज्यों में भी वोटों की गिनती जारी

बंगाल के साथ-साथ देश के चार अन्य राज्यों असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी वोटों की गिनती जारी है। असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ था, जबकि तमिलनाडु की 234 सीटों पर भी एक फेज में वोटिंग संपन्न हुई। पश्चिम बंगाल में 293 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान कराया गया था। हालांकि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान 21 मई को होना है, जिसके बाद 24 मई को अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे।

जैसे-जैसे रुझान नतीजों में बदलेंगे, यह तय होगा कि बंगाल की सियासत में नया अध्याय शुरू होगा या फिर पुराना नेतृत्व ही अपनी पकड़ बनाए रखेगा। फिलहाल, हर पल के साथ सस्पेंस गहराता जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Election Results 2026: बंगाल, असम समेत पांच राज्यों में कौन मारेगा आज बाजी, जानें किसकी बनेगी सरकार