होम = Breaking = Vidhan Sabha Chunav Results 2026: बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में जारी है मतगणना, कौन मारेगा आज बाजी

Vidhan Sabha Chunav Results 2026: बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में जारी है मतगणना, कौन मारेगा आज बाजी

Vidhan Sabha Chunav Results 2026: देश के कई राज्यों में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के बाद अब नतीजों का इंतजार तेज हो गया है। अलग-अलग चरणों में हुए मतदान के बाद एग्ज़िट पोल सामने आ चुके हैं, जिनमें कई राज्यों में कड़ी टक्कर तो कुछ में स्पष्ट बढ़त के संकेत मिले हैं।

अलग-अलग चरणों में हुआ मतदान

असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया गया था। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले गए। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों 23 और 29 अप्रैल में संपन्न हुए।

पश्चिम बंगाल पर सबसे ज्यादा नजर

सबसे ज्यादा ध्यान पश्चिम बंगाल के नतीजों पर है, जहां कई एग्ज़िट पोल में सत्ताधारी टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला दिखाया गया है। राज्य की 294 में से 293 सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे, जबकि फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान का फैसला लिया गया है।

फाल्टा सीट के 285 बूथों पर 21 मई को मतदान होगा और इसके नतीजे 24 मई को सामने आएंगे। इसके अलावा मगराहट पश्चिम और डायमंड हार्बर की कुछ सीटों पर भी दोबारा वोटिंग कराई गई है। राज्य में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत है। टीएमसी पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है, जबकि बीजेपी इस बार सत्ता परिवर्तन की उम्मीद कर रही है।

वोटर लिस्ट और चुनावी चर्चा

इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी चर्चा में रहा। लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जो कुल वोटरों का करीब 12% है। मतगणना के लिए राज्यभर में 77 केंद्र बनाए गए हैं।

असम में क्या बीजेपी बनाएगी हैट्रिक?

असम की 126 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा लगातार तीसरी बार जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस भी सत्ता में वापसी का दावा कर रही है। हालांकि अधिकांश एग्ज़िट पोल बीजेपी गठबंधन को बढ़त दिखा रहे हैं।

केरल में सत्ता बदलने के संकेत?

140 सीटों वाली केरल विधानसभा में पिछले 10 साल से वाम मोर्चा (LDF) सत्ता में है। इस बार भी मुकाबला मुख्य रूप से LDF और UDF के बीच माना जा रहा है। कई एग्ज़िट पोल में UDF को बढ़त दिखाई गई है, हालांकि इस बार त्रिकोणीय मुकाबले की भी चर्चा रही, जिसमें NDA ने भी जोरदार दावेदारी पेश की।

तमिलनाडु में कड़ी टक्कर

तमिलनाडु की 234 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और बहुमत का आंकड़ा 118 है। यहां डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है।

इस बार अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने भी चुनाव में दिलचस्पी बढ़ाई है। अधिकतर एग्ज़िट पोल डीएमके गठबंधन को बढ़त दे रहे हैं, हालांकि कुछ में कड़ी टक्कर के संकेत हैं।

पुडुचेरी में किसकी बनेगी सरकार?

पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 16 सीटें जरूरी हैं। यहां पहले से बीजेपी गठबंधन सत्ता में है। अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन की वापसी का अनुमान जताया गया है।

ये भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली में बदला मौसम, कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी; रेड अलर्ट जारी