होम = लाइफस्टाइल = महंगे प्रोडक्ट नहीं, नेचुरल उपाय अपनाएं; गर्मियों में ऐसे पाएं हेल्दी और ग्लोइंग स्किन

महंगे प्रोडक्ट नहीं, नेचुरल उपाय अपनाएं; गर्मियों में ऐसे पाएं हेल्दी और ग्लोइंग स्किन

Glowing Skin Tips: गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीना और उमस का असर सिर्फ शरीर ही नहीं बल्कि त्वचा पर भी साफ दिखाई देता है। इस दौरान पिंपल्स, टैनिंग और त्वचा की चमक कम होने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि मौसम के अनुसार स्किन केयर रूटीन में बदलाव किया जाए। खास बात यह है कि महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय कुछ प्राकृतिक उपाय अपनाकर भी त्वचा को स्वस्थ और ग्लोइंग रखा जा सकता है।

सुबह की शुरुआत डिटॉक्स ड्रिंक से

गर्मी में त्वचा को अंदर से साफ रखने के लिए दिन की शुरुआत डिटॉक्स ड्रिंक से करना फायदेमंद माना जाता है। इसके लिए सुबह एक चौथाई चम्मच मुलेठी पाउडर को पानी में उबालकर छान लें और पीएं। यह शरीर को डिटॉक्स करने के साथ त्वचा को भी साफ रखने में मदद करता है।

ग्लो बढ़ाने के लिए हेल्दी जूस

त्वचा की नैचुरल चमक बनाए रखने के लिए घर पर बना जूस भी काफी कारगर हो सकता है। चुकंदर, गाजर, आंवला और कुछ करी पत्तों को पानी के साथ ब्लेंड करके इसका सेवन करें। यह जूस खून को साफ करने में मदद करता है और चेहरे पर प्राकृतिक ग्लो लाने में सहायक होता है।

रात में अपनाएं स्किन रिपेयर रूटीन

दिनभर की धूप और धूल के बाद रात में त्वचा की देखभाल बेहद जरूरी होती है। इसके लिए एलोवेरा जेल में कुमकुमादि तेल की कुछ बूंदें और चावल का पानी मिलाकर क्रीम तैयार करें। इसे चेहरे पर लगाकर छोड़ दें। यह त्वचा को गहराई से नमी देने के साथ रिपेयर करने में मदद करता है।

हफ्ते में करें खास देखभाल

गर्मियों में त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए हफ्ते में 1-2 बार हर्बल फेस पैक लगाना लाभकारी हो सकता है। लोध्र, सफेद चंदन, मुलेठी और मंजिष्ठा पाउडर को बराबर मात्रा में मिलाकर गुलाब जल के साथ पेस्ट तैयार करें। इसे 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर धो लें। यह टैनिंग कम करने, मुंहासों को नियंत्रित करने और स्किन टोन सुधारने में मदद करता है।

इन बातों का रखें ध्यान

विशेषज्ञों के अनुसार, ये उपाय आयुर्वेदिक और प्राकृतिक हैं, जिनके साइड इफेक्ट की संभावना कम होती है। हालांकि, अगर किसी चीज से एलर्जी हो तो उसका उपयोग न करें। साथ ही, रोजाना मॉइस्चराइजर, सनस्क्रीन और क्लींजिंग जैसे बेसिक स्किन केयर स्टेप्स को नजरअंदाज न करें।

ये भी पढ़ें: यूपी मदरसों में बड़ा घोटाला, फर्जी बायोमेट्रिक से टीचर उठा रहे थे सैलरी