Lychee summer drink: भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना और त्वचा की चमक बरकरार रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में खानपान में छोटे बदलाव आपको न सिर्फ डिहाइड्रेशन से बचा सकते हैं, बल्कि स्किन और पाचन को भी बेहतर बना सकते हैं। खास तौर पर लीची से बनी एक हेल्दी ड्रिंक इन दिनों काफी फायदेमंद साबित हो रही है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ कई जरूरी पोषक तत्व भी देती है।
गर्मी में सेहत और स्किन के लिए खास है लीची ड्रिंक
गर्मियों में नेचुरल ड्रिंक्स का सेवन शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पोषण भी देता है। पारंपरिक तौर पर घरों में बनने वाले शरबत आज भी हेल्थ के लिए बेहतरीन माने जाते हैं। इन्हीं में से एक है लीची से तैयार होने वाली यह खास ड्रिंक, जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखती है।
क्या-क्या चाहिए सामग्री?
इस ड्रिंक को बनाने के लिए आपको ताजी लीची, चिया सीड्स और नारियल पानी की जरूरत होगी। ये सभी चीजें शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी देती हैं।
ऐसे तैयार करें लीची ड्रिंक
सबसे पहले चिया सीड्स को पानी में करीब एक घंटे के लिए भिगो दें, ताकि वे जेल जैसी बनावट में आ जाएं।
इसके बाद लीची को धोकर छील लें और उसके बीज निकालकर गूदा अलग कर लें।
अब एक गिलास नारियल पानी लें और उसमें 8-10 लीची डालकर मिक्सर में अच्छी तरह ब्लेंड करें।
तैयार मिश्रण को गिलास में निकालें और उसमें बर्फ के टुकड़े डालें। अंत में भीगे हुए चिया सीड्स मिलाकर सर्व करें।
स्वाद बढ़ाने के लिए टिप्स
इस ड्रिंक में अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि लीची और नारियल पानी का प्राकृतिक स्वाद ही इसे मीठा बनाता है। अगर आप चाहें तो हल्का खट्टापन लाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू रस भी मिला सकते हैं।
जानिए इसके फायदे
विशेषज्ञों के अनुसार, 100 ग्राम लीची में पर्याप्त मात्रा में विटामिन C पाया जाता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने और त्वचा को निखारने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है।
वहीं नारियल पानी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा कर तुरंत ऊर्जा देता है और दिल, किडनी व पाचन के लिए फायदेमंद माना जाता है। चिया सीड्स ठंडी तासीर के होते हैं और इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड व फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है, जो शरीर को अंदर से ठंडक और मजबूती देता है।
ये भी पढ़ें: बदलते मौसम में बार-बार हो रहे हैं बीमार? जरूर करें हेल्दी टमाटर रसम का सेवन

