TMC crisis: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी भूचाल की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के संसदीय दल में बड़ी टूट की आशंका जताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि अगले सप्ताह दिल्ली में होने वाली राजनीतिक बैठकों के दौरान पार्टी के कई सांसद बगावत का ऐलान कर सकते हैं। इन अटकलों के बीच बीजेपी नेताओं के संपर्क में टीएमसी सांसदों के होने के दावे भी सामने आए हैं, जिससे राज्य और राष्ट्रीय राजनीति का तापमान बढ़ गया है।
दिल्ली में डेरा डाले सुवेंदु, बीजेपी ने किया बड़ा दावा
इस राजनीतिक हलचल के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य दिल्ली में मौजूद हैं। समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद लगातार बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं और पार्टी के भविष्य को लेकर असमंजस में हैं। वहीं बीजेपी महासचिव लॉकेट चटर्जी ने भी कहा कि चुनाव नतीजों के बाद से कई टीएमसी सांसद फोन कॉल, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से संपर्क साध रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और टीएमसी की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बंद फोन और बढ़ता सियासी सस्पेंस
टीएमसी में संभावित टूट की चर्चाओं के बीच कई सांसदों से संपर्क नहीं हो पाने से सियासी सस्पेंस और गहरा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन सांसदों से संपर्क करने की कोशिश की गई, उनमें से अधिकांश के फोन बंद मिले। इनमें मनोरंजन जगत, खेल जगत और पहली बार संसद पहुंचे कुछ सांसदों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर चल रही हलचल को लेकर अटकलों का दौर और तेज कर दिया है।

