Kalyan Banerjee: पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को लेकर सियासी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना के एक दिन बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी पर भी हमला होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि हुगली जिले के चंडीतला थाना क्षेत्र के पास उस समय कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, जब वे चुनाव बाद हिंसा से जुड़े मामलों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। घटना में कल्याण बनर्जी के घायल होने की भी सूचना है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
हमले के बाद मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में कल्याण बनर्जी जमीन पर लेटे नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिस और सुरक्षाकर्मी उन्हें घेरे हुए हैं। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। टीएमसी ने घटना की निंदा करते हुए राजनीतिक विरोधियों पर आरोप लगाए हैं, जबकि बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
एक दिन पहले अभिषेक बनर्जी भी बने थे निशाना
कल्याण बनर्जी से पहले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी कथित दुर्व्यवहार की घटना सामने आई थी। चुनाव बाद हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अभिषेक के विरोध के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना को लेकर राज्य की राजनीति में पहले से ही माहौल गरमाया हुआ है। अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले का विरोध करते हुए अंडे, जूते और पत्थर फेंके। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि उन्हें सुरक्षा के लिए क्रिकेट हेलमेट पहनना पड़ा। समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से वे किसी तरह भीड़ से बाहर निकल पाए। घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने उन पर सुनियोजित हमला किया और उनकी जान को खतरा पहुंचाने की कोशिश की।

