वीडियो स्ट्रीमिंग की दुनिया के दिग्गज OTT प्लेटफॉर्म Netflix ने अपने ओरिजिनल कंटेंट में पहली बार जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Generative AI) का इस्तेमाल किया है. यह प्रयोग अर्जेंटीना के साइंस फिक्शन शो The Eternauts में किया गया,जो रिलीज के बाद से दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है.
AI से बनी सीन
Netflix के Co-CEO टेड सरैंडोस (Ted Sarandos) ने इस तकनीक के उपयोग की पुष्टि करते हुए बताया कि शो के एक महत्वपूर्ण सीन, जिसमें एक इमारत गिरती हुई दिखाई देती है, को पूरी तरह से जनरेटिव AI के माध्यम से तैयार किया गया है. इस सीन को पारंपरिक तरीकों से बनाना महंगा और समयसाध्य होता लेकिन AI की मदद से इसे तेजी से और कम लागत में क्रिएट किया गया.
सरैंडोस ने कहा कि यह वह सीन था जिसे पारंपरिक विजुअल इफेक्ट्स के जरिए बनाना इस बजट में नामुमकिन नहीं था. लेकिन जनरेटिव AI ने यह संभव कर दिखाया. यह Netflix के ओरिजिनल कंटेंट में AI से बना पहला फाइनल विजुअल फुटेज है.
AI के जरिए प्रोडक्शन में क्रांति
Netflix का मानना है कि जनरेटिव AI सिर्फ एक तकनीकी विकल्प नहीं बल्कि प्रोडक्शन इंडस्ट्री में एक बड़ी क्रांति की शुरुआत है. AI ने न केवल विजुअल क्वालिटी को बरकरार रखा बल्कि लागत और समय दोनों की दृष्टि से इसे व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य भी बनाया.
AI को लेकर जारी हैं विवाद
जहाँ एक ओर AI को लेकर स्ट्रीमिंग और प्रोडक्शन इंडस्ट्री में उत्साह है वहीं दूसरी ओर इसके उपयोग को लेकर विवाद भी कम नहीं हैं. आलोचकों का मानना है कि जनरेटिव AI बिना अनुमति के अन्य कलाकारों या क्रिएटर्स की शैली और काम को कॉपी कर सकता है, जिससे मौलिकता और अधिकारों पर सवाल उठते हैं.
ये भी पढ़ें : मोहित सूरी ने फिर रचा जादू…रोमांस, म्यूजिक और इमोशन से सजी सैयारा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
गौरतलब है कि साल 2023 में हॉलीवुड में AI के खिलाफ बड़े पैमाने पर हड़ताल भी हुई थी. लेखक और कलाकार यूनियनों ने AI के उपयोग को लेकर चिंता जताई थी और इसके लिए सख्त नियमों की मांग की थी.
आने वाले समय में बढ़ेगा AI का उपयोग
टेड सरैंडोस ने बताया कि The Eternauts की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि जनरेटिव AI भविष्य में कंटेंट प्रोडक्शन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में और भी प्रोडक्शन कंपनियाँ VFX और अन्य रचनात्मक कार्यों में AI का इस्तेमाल कर सकती हैं. भारत समेत दुनियाभर में जनरेटिव AI का उपयोग धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है.

