Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच सियासी माहौल अचानक गर्मा गया है। ममता बनर्जी ने BJP और चुनावी व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाहरी लोग फैला रहे आतंक
भबानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में ऐसे पर्यवेक्षक और अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो बंगाल की जमीनी हकीकत से अनजान हैं। उनके मुताबिक, ये अधिकारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं और एजेंटों को निशाना बना रहे हैं और मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सुरक्षा बल और पर्यवेक्षक मिलकर ऐसा माहौल बना रहे हैं, जिससे मतदाताओं में डर पैदा हो रहा है।
CRPF पर गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने दावा किया कि बीती रात Central Reserve Police Force (CRPF) के जवानों ने बिना स्थानीय पुलिस के एक पार्षद के घर पर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि पार्षद की गैर-मौजूदगी में उनके परिवार के सामने घर में तोड़फोड़ की गई, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।
मतदान प्रक्रिया पर उठाए सवाल
CM ने चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि कई जगहों पर TMC के पोस्टर हटाए गए हैं और चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हो रहा। उन्होंने कहा, “वोट जनता डालती है, न कि पुलिस या सुरक्षा बल। लेकिन कुछ लोग नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं।”
सुबह से मैदान में उतरीं ममता
अपनी पुरानी परंपरा से अलग इस बार ममता बनर्जी सुबह 8 बजे से पहले ही घर से निकल पड़ीं और दक्षिण कोलकाता के चेतला सहित कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने चक्रबेड़िया स्थित एक बूथ के बाहर बैठकर चुनाव में अनियमितताओं का विरोध भी जताया।
बीजेपी का पलटवार
वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह आचार संहिता का उल्लंघन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी समर्थकों के साथ घूमकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं और माहौल बिगाड़ रही हैं।
बढ़ता टकराव
चुनाव के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह दौर बंगाल की राजनीति में बढ़ते तनाव को दिखाता है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि मतदान प्रक्रिया कितनी निष्पक्ष रहती है और नतीजे क्या तस्वीर पेश करते हैं।
ये भी पढ़ें: West Bengal Election 2026: बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, कई सीटों पर कड़ी टक्कर

