Mumbai Crime News: मुंबई के पास स्थित मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ड्रम में बंद कर सुनसान नाले में फेंक दिया गया था। मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन की मदद से इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार, मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान 3 अगस्त 2026 को दादर में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अरबाज की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। इसी दौरान पुलिस को अरबाज की कथित प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी क्षेत्र में मिली, जिसके बाद शक गहराया।
पुलिस ने मेहजबीन शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
आरोप है कि मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया था। वहां फिरौती और पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ बांध दिए और प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण अरबाज की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक हरे रंग के ड्रम में भर दिया और सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसे मुंब्रा इलाके के एक सुनसान नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मुंब्रा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में सफलता मिली।
ये भी पढ़ें: PM मोदी का 5 देशों का दौरा शुरू, UAE में होंगे कई अहम समझौते

