होम = Breaking = PM मोदी का 5 देशों का दौरा शुरू, UAE में होंगे कई अहम समझौते

PM मोदी का 5 देशों का दौरा शुरू, UAE में होंगे कई अहम समझौते

PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने बहुप्रतीक्षित पांच देशों के दौरे पर रवाना होने जा रहे हैं। इस दौरे की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होगी। ऐसे समय में यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि इस दौरे के जरिए भारत ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर बड़ा फोकस करेगा।

विदेश मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अगले छह दिनों में UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। सबसे पहले वह अबू धाबी पहुंचेंगे, जहां कई अहम द्विपक्षीय बैठकों और समझौतों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, UAE दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच ऊर्जा सुरक्षा प्रमुख मुद्दा रहेगा। दोनों देशों के बीच एलपीजी सप्लाई और रणनीतिक तेल भंडारण को लेकर बड़े समझौते हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के बीच LPG सहयोग को लेकर अहम करार हो सकता है। इसके साथ ही इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स लिमिटेड (ISPRL) और ADNOC के बीच तेल भंडारण व्यवस्था को लेकर भी समझौता होने की संभावना जताई जा रही है।

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर रखा है। दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई इसी समुद्री मार्ग से होती है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण सप्लाई बाधित होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की आशंका बनी हुई है, जिससे भारत जैसे बड़े आयातक देशों की चिंता बढ़ गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत अपने भरोसेमंद ऊर्जा साझेदार देशों के साथ संबंध और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। पीएम मोदी का यह दौरा केवल ऊर्जा सहयोग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजनीतिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और आपसी संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्ली में गर्मी से राहत, कई इलाकों में चली तेज हवाएं

बंगाल