होम = Breaking = दिल्ली में 3 दिन ‘चक्का जाम’ का ऐलान, ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों की हड़ताल से बढ़ेंगी मुश्किलें

दिल्ली में 3 दिन ‘चक्का जाम’ का ऐलान, ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों की हड़ताल से बढ़ेंगी मुश्किलें

Delhi Auto Taxi Strike: दिल्ली में बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ अब ऑटो और टैक्सी ड्राइवर सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। कमर्शियल वाहन चालकों के कई संगठनों ने 21 से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल और ‘चक्का जाम’ का ऐलान किया है। ड्राइवर यूनियनों का कहना है कि CNG, पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने उनकी कमाई पर बड़ा असर डाला है, जबकि किराया अब भी पुरानी दरों पर ही चल रहा है। इसी को लेकर उन्होंने दिल्ली सरकार से ऑटो और टैक्सी किराए में बढ़ोतरी की मांग की है।

यूनियन ने वाहन नहीं चलाने की अपील की

चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा कि लगातार बढ़ती CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने ऑटो और टैक्सी चालकों की आर्थिक स्थिति को गंभीर संकट में डाल दिया है। उनका कहना है कि मौजूदा किराए में वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और ड्राइवरों के सामने परिवार चलाने तक की चुनौती खड़ी हो गई है। इसी वजह से दिल्ली के विभिन्न चालक संगठनों ने एकजुट होकर 21 से 23 मई तक ‘चक्का जाम’ और वाहन न चलाने का फैसला लिया है।

हड़ताल और विरोध के बढ़ने के भी है आसार

यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार अगले एक या दो हफ्तों के भीतर टैक्सी के संशोधित किराए अधिसूचित करने में विफल रहती है, तो आंदोलन और तेज हो जाएगा। यूनियन ने कहा, “अगर सरकार तुरंत टैक्सी का किराया नहीं बढ़ाती और एक या दो हफ्ते के अंदर नोटिफिकेशन जारी नहीं करती, तो यह आंदोलन एक बड़े विरोध प्रदर्शन में बदल जाएगा, जिसके लिए सिर्फ दिल्ली सरकार ही जिम्मेदार होगी।”

ड्राइवरों ने सरकार से आर्थिक शोषण रोकने की नीति बनाने की मांग की

कमर्शियल वाहन चालकों ने सरकार से मांग की है कि टैक्सी और ऑटो ड्राइवरों के आर्थिक शोषण को रोकने के लिए सख्त नीतियां बनाई जाएं। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों और स्थिर किराए के कारण ड्राइवरों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई, जिससे दिल्ली समेत चारों मेट्रो शहरों में ईंधन महंगा हो गया। यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब एक हफ्ते पहले ही तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की थी।

2 बार बढ़ चुके हैं ईंधन के धाम

मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। नई दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया। इससे पहले बीते शुक्रवार को भी चार साल में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे।