होम = Breaking = Patiala Murder Case: PG में घुसकर मेडिकल छात्र की हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव

Patiala Murder Case: PG में घुसकर मेडिकल छात्र की हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव

Patiala Murder Case: पंजाब के पटियाला शहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। न्यू लाल बाग इलाके में स्थित एक पीजी में रह रहे मेडिकल छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कमल मित्तल के रूप में हुई है, जो मानसा जिले के बरेटा का रहने वाला था और पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मेडिकल छात्र की बेरहमी से हत्या

पुलिस के मुताबिक, घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक के कुछ परिचित उससे मिलने पीजी पहुंचे। बताया जा रहा है कि पूरे दिन कई बार फोन करने के बावजूद जब कमल ने कोई जवाब नहीं दिया, तो उसके दोस्त और परिचित उसके कमरे तक पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कमल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र की गर्दन पर धारदार हथियार से तीन से चार वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

CCTV में दिखा संदिग्ध युवक

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को इलाके से भागते हुए देखा गया है। फुटेज में उसके कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए हैं। पुलिस अब उसी संदिग्ध की तलाश में जुटी हुई है।

सिविल लाइंस थाना और न्यू ऑफिसर कॉलोनी चौकी की टीमों ने फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए। अधिकारियों ने बताया कि जिस इमारत में घटना हुई, वहां करीब चार छात्र पीजी में रह रहे थे। पुलिस अब उन सभी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के मकसद और आरोपी की पहचान को लेकर हर पहलू से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया