होम = Breaking = यूपी के लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक टक्कर में 10 लोगों की मौत

यूपी के लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक टक्कर में 10 लोगों की मौत

Road Accident in UP: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवा दी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

टक्कर इतनी भयावह थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे में कई यात्रियों के सिर फट गए, जबकि एक व्यक्ति का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार भिड़ंत के बाद कई लोग सीटों के बीच फंस गए और चीख-पुकार मच गई। वहीं दो यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश कर रही पुलिस

खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक (UP 14 HT 5176) बरेली के नगला फरीदपुर निवासी शेर सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है और वह इसका दूसरा मालिक बताया जा रहा है। ट्रक पर गाजियाबाद की नंबर प्लेट लगी थी। इसमें धान की पॉलिश की बोरियां लदी थीं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह के अनुसार हादसे के बाद 2 महिलाओं और 7 पुरुषों के शव अस्पताल लाए गए थे, जिनमें कई की हालत बेहद खराब थी और शव बुरी तरह कुचले हुए थे। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।