होम = News Featured = विश्व युद्धों का जिक्र, फिर ईरान पर सख्त चेतावनी! ट्रंप क्या देना चाहते है संकेत?

विश्व युद्धों का जिक्र, फिर ईरान पर सख्त चेतावनी! ट्रंप क्या देना चाहते है संकेत?

Trump Speech Iran: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का ताज़ा संबोधन वैश्विक राजनीति में हलचल मचा रहा है। अपने करीब 20 मिनट के भाषण में ट्रंप ने न सिर्फ ईरान को कड़ी चेतावनी दी, बल्कि विश्व युद्धों से लेकर वियतनाम और इराक तक के युद्धों का जिक्र करते हुए मौजूदा हालात की गंभीरता भी बताई।

परमाणु हथियार बने तो अंजाम खतरनाक होगा

ट्रंप ने साफ कहा कि अगर ईरान ने परमाणु हथियार बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया, तो यह न सिर्फ अमेरिका बल्कि इज़राइल के लिए भी बड़ा खतरा होगा। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है और अब वह पहले जैसा खतरा नहीं रहा।

युद्धों का जिक्र कर दिया बड़ा संदेश

अपने भाषण में ट्रंप ने पहला विश्व युद्ध, दूसरा विश्व युद्ध, कोरियाई युद्ध, वियतनाम युद्ध और इराक युद्ध का हवाला देते हुए बताया कि लंबे युद्ध किस तरह दुनिया को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा अभियान सिर्फ 32 दिनों में निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।

ईरान अब ‘दादा’ नहीं रहा

ट्रंप ने तीखे शब्दों में कहा कि ईरान, जो कभी क्षेत्र में प्रभावशाली शक्ति माना जाता था, अब अपनी पकड़ खो चुका है। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षा का बड़ा कदम बताया और कहा कि दुनिया अमेरिका की ताकत देख रही है।

कूटनीति की बात

राष्ट्रपति ने दावा किया कि वह हमेशा कूटनीतिक समाधान चाहते थे, लेकिन ईरान ने बातचीत के सभी प्रयासों को नजरअंदाज किया और अपने परमाणु कार्यक्रम को जारी रखा। इसी वजह से सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

वेनेजुएला का भी जिक्र

भाषण के दौरान वेनेज़ुएला का जिक्र करते हुए ट्रंप ने अमेरिकी सेना की तेज कार्रवाई की तारीफ की और उसे “तेज, घातक और प्रभावशाली” बताया।

आगे क्या?

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रंप ने संकेत दिया कि आने वाले 2-3 हफ्तों में ईरान पर और बड़ा सैन्य हमला हो सकता है। साथ ही उन्होंने उन देशों को भी चेतावनी दी, जो इस संघर्ष में अमेरिका का साथ नहीं दे रहे।

वैश्विक चिंता बढ़ी

ट्रंप के इस आक्रामक रुख ने दुनिया भर में चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात नहीं संभले, तो यह टकराव बड़े युद्ध का रूप ले सकता है। अब पूरी दुनिया की नजर इस पर है कि क्या हालात कूटनीति से संभलेंगे या दुनिया एक और बड़े संघर्ष की ओर बढ़ रही है।

ये भी पढे़ं: 2-3 हफ्तों में खत्म होगा ऑपरेशन?’ ईरान पर ट्रंप का बड़ा दावा, तेल कीमतों पर भी दिया संकेत