होम = News Big = नौसेना में ‘INS अरिदमन’ की एंट्री, अब और मजबूत होगी भारत की न्यूक्लियर शील्ड

नौसेना में ‘INS अरिदमन’ की एंट्री, अब और मजबूत होगी भारत की न्यूक्लियर शील्ड

Nuclear Submarine INS Aridaman: भारत अपनी समुद्री ताकत को लगातार नई ऊंचाइयों पर ले जाने में जुटा है और इसी दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। स्वदेश में विकसित परमाणु बैलिस्टिक पनडुब्बी INS अरिदमन को औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल किया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस ऐतिहासिक मौके पर इसे नौसेना को समर्पित करेंगे, जिसे देश की सामरिक क्षमता के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

क्या खास है

INS अरिदमन भारत की तीसरी स्वदेशी परमाणु पनडुब्बी है, जो देश की परमाणु निवारक क्षमता को और मजबूत बनाएगी। इससे पहले इसी श्रेणी की INS अरिहंत को 2016 में और INS अरिघात को 2024 में नौसेना में शामिल किया जा चुका है। अरिदमन के जुड़ने के साथ ही भारत की समुद्र में रणनीतिक ताकत और अधिक सशक्त हो जाएगी।

नौसेना के बेड़े में शामिल

इस पनडुब्बी का निर्माण निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एलएंडटी ने विशाखापत्तनम स्थित गुप्त शिपबिल्डिंग सेंटर में किया है। पिछले कई महीनों से इसका समुद्री परीक्षण चल रहा था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब इसे नौसेना के बेड़े में शामिल किया जा रहा है। यह पनडुब्बी रणनीतिक बल कमान (SFC) के तहत काम करेगी और देश की त्रिस्तरीय परमाणु प्रतिरोधक क्षमता का अहम हिस्सा बनेगी।

राजनाथ सिंह ने दी प्रतिक्रिया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर से पहले सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा “‘अरिदमन’ सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि शक्ति का प्रतीक है।” उनका यह बयान इस पनडुब्बी की अहमियत को स्पष्ट करता है। इसी दिन भारतीय नौसेना को एक और बड़ी ताकत मिलने जा रही है। स्वदेश में निर्मित उन्नत युद्धपोत ‘तारागिरी’ का भी विशाखापत्तनम में जलावतरण किया जाएगा। यह समारोह नौसैनिक डॉकयार्ड में वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में आयोजित होगा।

ये भी पढ़ें: देश में पेट्रोल-गैस की कमी नहीं, भारत हर हालात के लिए तैयार… राजनाथ सिंह का बड़ा बयान