होम = Cover Story Global = गैस ट्रक ब्लास्ट का खौफनाक मंजर कैमरे में हुआ कैद ! चिली में गैस से भरा ट्रक पलटा, चार की मौत दर्जनों घायल

गैस ट्रक ब्लास्ट का खौफनाक मंजर कैमरे में हुआ कैद ! चिली में गैस से भरा ट्रक पलटा, चार की मौत दर्जनों घायल

Santiago Explosion: दक्षिण अमेरिकी देश चिली की राजधानी सैंटियागो में गुरुवार को एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। लिक्विड गैस से लदा एक ट्रक नियंत्रण खोकर पलट गया और कुछ ही पलों में उसमें जबरदस्त धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। पलटते ही उसमें विस्फोट हो गया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। मृतकों में ट्रक चालक भी शामिल है।

200 मीटर तक महसूस हुआ धमाका

फायर ब्रिगेड के अनुसार, विस्फोट का असर 150 से 200 मीटर के दायरे तक महसूस किया गया। हादसे में कम से कम 50 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के बाद पूरा इलाका आग और धुएं से भर गया।

इंडस्ट्रियल एरिया के पास हादसा

यह दुर्घटना उत्तरी सैंटियागो के रेंका कम्यून में एक बड़े हाईवे और इंडस्ट्रियल ज़ोन के नज़दीक हुई। प्रॉसिक्यूटर ऑफिस ने हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।

गैस कंपनी से जुड़ा था ट्रक

अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रक स्थानीय गैस कंपनी Gasco से जुड़ा हुआ था। हालांकि, कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

गंभीर हालत में कई घायल

सैंटियागो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के गवर्नर Claudio Orrego ने बताया कि पांच घायलों की हालत बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा, “एक व्यक्ति का शरीर पूरी तरह जल चुका है और उसकी जान को गंभीर खतरा है।”

राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया

चिली के राष्ट्रपति Gabriel Boric ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि धमाके का मलबा पास के तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक जा गिरा, हालांकि बड़े पैमाने पर संपत्ति नुकसान की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

जांच जारी

फिलहाल, इलाके को सील कर दिया गया है और राहत व बचाव कार्य पूरे कर लिए गए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ट्रक हादसे का शिकार कैसे हुआ और विस्फोट के पीछे तकनीकी या मानवीय चूक क्या थी। यह हादसा एक बार फिर खतरनाक सामग्री के ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

ये भी पढ़ें: तलाक की लड़ाई बनी मौत की वजह! फरीदाबाद में पति ने पत्नी को गोलियों से भूना