होम = Cover Story Global = बांग्लादेश की सच्चाई का खुलासा, हिंदुओं पर 645 केस, 3,500 मौतें… रिपोर्ट ने खोल दी पूरी कहानी

बांग्लादेश की सच्चाई का खुलासा, हिंदुओं पर 645 केस, 3,500 मौतें… रिपोर्ट ने खोल दी पूरी कहानी

Bangladesh Minority Crime Report: बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। अब खुद यूनुस सरकार की ओर से जारी आधिकारिक रिपोर्ट ने इन आशंकाओं को नई धार दे दी है। रिपोर्ट में एक ओर जहां देश में हर साल औसतन 3,000 से 3,500 लोगों की हिंसक मौतों की बात मानी गई है, वहीं दूसरी ओर अल्पसंख्यकों से जुड़े 645 मामलों को भी स्वीकार किया गया है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब भारत समेत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

645 अल्पसंख्यक केस

यूनुस सरकार की प्रेस विंग द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच पुलिस रिकॉर्ड की समीक्षा में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े 645 मामले दर्ज हुए। ये आंकड़े FIR, जनरल डायरी, चार्जशीट और जांच रिपोर्ट के आधार पर तैयार किए गए हैं। सरकार का दावा है कि इन मामलों में से केवल 71 घटनाओं में सांप्रदायिक तत्व पाए गए, जबकि बाकी 574 मामलों को सामान्य आपराधिक घटनाएं बताया गया है।

हिंसा की भयावह तस्वीर

रिपोर्ट का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह आंकड़ा है, जिसमें सरकार ने माना है कि बांग्लादेश में हर साल औसतन 3,000 से 3,500 लोग हिंसक अपराधों में मारे जाते हैं। सरकार ने इसे “गंभीर कानून-व्यवस्था की चुनौती” करार देते हुए कहा है कि यह संख्या किसी भी समाज के लिए चिंता का विषय है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

कम्युनल हिंसा से इनकार

रिपोर्ट में बार-बार यह दोहराया गया है कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ ज्यादातर घटनाएं धर्म की वजह से नहीं, बल्कि जमीन विवाद, राजनीतिक दुश्मनी, चोरी, यौन हिंसा, पड़ोसी झगड़े और पुरानी रंजिशों के कारण हुईं। हालांकि, सरकार ने यह भी माना कि जिन 71 मामलों में सांप्रदायिक तत्व थे, उनमें धार्मिक स्थलों और मूर्तियों की तोड़फोड़, अपमान और टार्गेटेड हमले शामिल हैं जो स्थिति की गंभीरता को खुद बयां करते हैं।

भारत की चिंता क्यों बढ़ी?

पिछले दो महीनों में 10 हिंदुओं की हत्या की खबरों ने भारत सरकार को खुलकर प्रतिक्रिया देने पर मजबूर किया। भारत ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा की कड़ी निंदा की है और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यूनुस सरकार की यह रिपोर्ट भारत की आशंकाओं को पूरी तरह खारिज नहीं करती, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से यह मानती है कि स्थिति सामान्य नहीं है।

सरकार का बचाव

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बेहतर पुलिसिंग, तेज रिस्पॉन्स सिस्टम, इंटेलिजेंस कोऑर्डिनेशन और जवाबदेही बढ़ने से हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। सरकार का कहना है कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान है, चाहे वे किसी भी धर्म के हों।

सवाल अब भी बाकी

यूनुस सरकार की रिपोर्ट पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन आंकड़े खुद सवाल खड़े कर रहे हैं। जब हर साल हजारों लोग हिंसा में मारे जा रहे हों और सैकड़ों मामले अल्पसंख्यकों से जुड़े हों, तो यह कहना मुश्किल है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या यह रिपोर्ट सच्चाई की स्वीकारोक्ति है या सिर्फ अंतरराष्ट्रीय दबाव से बचने की कोशिश? बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों के लिए जवाब अभी भी अधूरा है।

ये भी पढ़ें: Budget 2026 Special: करोड़ों युवाओं की उम्मीदें बजट पर टिकीं, जॉब देगा या मौका गंवाएगा 2026 का बजट?