Murder Case Of Suvendu Adhikari’s PA: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी है। अब इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में कई बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि चंद्रनाथ की हत्या एक सुनियोजित सुपारी किलिंग थी, जिसके लिए 30 से 40 लाख रुपये तक की डील हुई थी।
सामने आया नया अपडेट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार से दो पेशेवर शार्प शूटर्स बुलाए गए थे। इन हमलावरों के ठहरने, गाड़ियों और भागने के इंतजाम में स्थानीय अपराधियों की मदद ली गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी कोलकाता एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर फरार होने की तैयारी में थे। इसके लिए उनके पास कथित तौर पर नकली पहचान पत्र भी मौजूद थे।
घटना को कैसे दिया अंजाम?
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। चंद्रनाथ रथ कार से मध्यमग्राम चौमाथा से जेसोर रोड होते हुए लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण उनकी कार की रफ्तार धीमी हो गई। तभी दो बाइक सवार हमलावर कार के करीब पहुंचे और बेहद नजदीक से कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस को एक सफेद स्कॉर्पियो और हेलमेट पहने बाइक सवार युवकों की मूवमेंट दिखाई दी है। जांच एजेंसियों का दावा है कि हमलावर कई दिनों से चंद्रनाथ की रेकी कर रहे थे और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
अपराधियों का पता लगाने में जुटी SIT और CID
SIT और CID को शक है कि चंद्रनाथ के बेहद करीबी किसी व्यक्ति ने उनकी लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई। पुलिस अब फोन रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और संदिग्धों के संपर्कों को खंगाल रही है। मामले में एक महिला से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है।
पुलिस को पता चला कि बाइक चोरी की थी और उसके इंजन व चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी। फिलहाल पुलिस स्थानीय अपराधियों और बाहरी शूटरों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी की ताजपोशी लगभग तय! बंगाल में BJP चला सकती है 2 डिप्टी CM वाला दांव

