UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब डराने वाला रूप ले लिया है। शीतलहर और घने कोहरे ने प्रदेश के 45 जिलों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। हालात ऐसे हैं कि 18 जिलों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और ओस की बूंदें बारिश की तरह गिरती नजर आ रही हैं। गोरखपुर, बलिया समेत कई इलाकों में सुबह सड़कें और फर्श पूरी तरह भीगे मिले।
प्रदेश का सबसे ठंडा जिला
मेरठ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आगरा में ताजमहल तक कोहरे में गायब हो गया। कानपुर, जालौन, वाराणसी और गोरखपुर में शीतलहर का जबरदस्त असर दिखा। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों तक भयंकर ठंड पड़ने की चेतावनी जारी करते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
यातायात पूरी तरह प्रभवित
कोहरे का असर यातायात पर भी भारी पड़ा। गोरखपुर और वाराणसी रेलवे स्टेशनों पर 50 से अधिक ट्रेनें 2 से 10 घंटे की देरी से पहुंचीं। गोरखपुर एयरपोर्ट पर 4 फ्लाइट लेट रहीं। शनिवार को कोहरे के कारण 5 सड़क हादसों में करीब 30 वाहन टकरा गए, जिसमें 15 लोग घायल हुए। बीते एक हफ्ते में ठंड से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोहरे के कारण बड़े हादसे
बुलंदशहर में कोहरे के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ब्रेजा कार सड़क किनारे लगे नल से टकराकर आग का गोला बन गई। कार सवार सेना के जवान ने कूदकर जान बचाई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बदलते मौसम से फसलों में रोग और कीट बढ़ सकते हैं। समय पर सिंचाई, पोषक तत्वों का छिड़काव और कीट नियंत्रण जरूरी बताया गया है। अलर्ट जारी है और ठंड अब सिर्फ मौसम नहीं, खतरा बन चुकी है।
ये भी पढ़े: Horoscope 28 December 2025: किस राशि पर बरसेगी किस्मत, कौन रहे सतर्क? जानिए सितारों का बड़ा संकेत

