होम = Cover Story Featured = पहलगाम में बड़ा हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की कार; गुजरात के दंपति की मौत

पहलगाम में बड़ा हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की कार; गुजरात के दंपति की मौत

Pahalgam Tourist car Accident: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुजरात से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक दंपति की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि घायल ड्राइवर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुजरात से कश्मीर घूमने आया था दंपति

जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना कश्मीर घूमने आए थे। शनिवार को पहलगाम से अरु की ओर जाते समय उनकी टैक्सी मंडलन इलाके के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अशोक भाई और नैना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक रईस अहमद भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

कंट्रोल खो देने से गाड़ी खाई में गिरी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वाहन संख्या JK21A-0379 पर्यटकों को लेकर पहलगाम से अरु की ओर जा रहा था, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने से गाड़ी फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान होने के बाद गुजरात पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही वाहन चालकों से पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर बेहद सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।