होम = Breaking = Weather Update: मौसम ने फिर बदली चाल, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल

Weather Update: मौसम ने फिर बदली चाल, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल

Weather Update: देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। कहीं तेज धूप तो कहीं बादलों की आवाजाही और कई राज्यों में कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 तथा 16-17 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। आइए जानते हैं 12 फरवरी को विभिन्न राज्यों में मौसम का पूर्वानुमान।

दिल्ली का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी में आज मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं हैं। 13 फरवरी तक अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है। शुक्रवार को हल्के बादल छा सकते हैं। सुबह और देर शाम कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा पड़ सकता है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

उत्तर प्रदेश का हाल

प्रदेश में 12 फरवरी को आसमान साफ रहने का अनुमान है। वर्षा की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात पर असर पड़ सकता है।

बिहार में कोहरे का असर

बिहार में भी आज बारिश की संभावना नहीं है और मौसम सामान्य रहेगा। फिर भी 10 से अधिक जिलों में घने कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिससे सुबह के समय आवागमन प्रभावित हो सकता है।

राजस्थान का पूर्वानुमान

राजस्थान में 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। हालांकि 17 फरवरी को जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के संकेत हैं।

उत्तराखंड में 16 फरवरी से बदलाव

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य है, लेकिन 16 फरवरी से बदलाव की संभावना जताई गई है। नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जिलों में तेज वर्षा हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 16 और 17 फरवरी को बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के जम्मू, श्रीनगर, कठुआ, उधमपुर, पुंछ और डोडा जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है। संवेदनशील और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

मध्य प्रदेश में 16 फरवरी के बाद असर

मध्य प्रदेश में 12 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि 16 फरवरी के बाद भोपाल और आसपास के जिलों में बादल छाने और मौसम बदलने के संकेत हैं।

ये भी पढ़ें: Rashifal 12 February 2026: किस राशि पर छाएगी सफलता, किसे संभलना होगा; जानें अपना राशिफल