Bihar Student Protest: पटना में शुक्रवार को उस वक्त भारी बवाल मच गया, जब शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। राजधानी की सड़कों पर अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई छात्र पुलिस कार्रवाई के दौरान गिर पड़े, जबकि पूरे इलाके में तनाव का माहौल फैल गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, BPSC शिक्षक भर्ती TRE 4.0 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर करीब 10 हजार अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे थे। यह प्रदर्शन पटना कॉलेज से शुरू होकर डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ रहा था। बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से शहर का ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि सरकार अभी तक TRE 3 की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई है, जबकि लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से TRE 4.0 भर्ती विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि सरकार रिक्त पदों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करे और भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट समयसीमा घोषित करे।
सरकार पर युवाओं की अनदेखी का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार पर युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र महीनों से तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द भर्ती विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था। डाकबंगला चौराहे के आसपास बैरिकेडिंग की गई और वाटर कैनन भी तैयार रखे गए थे। जैसे ही भीड़ आगे बढ़ने लगी, पुलिस ने बल प्रयोग शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
पूरे शहर पर पड़ा असर
इस प्रदर्शन का असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे एम्बुलेंस और स्कूल बसों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल शिक्षा विभाग या राज्य सरकार की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ये भी पढ़ें: बिहार में सम्राट कैबिनेट का विस्तार, नीतीश कुमार के बेटे को मिली मंत्री पद की जिम्मेदारी

