होम = खेल = क्रिकेट = बिहार-झारखंड में नंबर-1 पर माही, धोनी फिर बने सबसे बड़े टैक्सपेयर

बिहार-झारखंड में नंबर-1 पर माही, धोनी फिर बने सबसे बड़े टैक्सपेयर

MS Dhoni Income Tax News: महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि टैक्स भुगतान में उनका रिकॉर्ड है। बिहार-झारखंड क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान धोनी सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता बनकर उभरे हैं। इस बात की आधिकारिक जानकारी आयकर विभाग ने रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने बताया कि धोनी लगातार समय पर टैक्स जमा करने वाले जिम्मेदार नागरिकों में शामिल रहे हैं। हालांकि विभाग ने इस बार उनके द्वारा जमा की गई कुल टैक्स राशि सार्वजनिक नहीं की, लेकिन व्यक्तिगत श्रेणी में उन्हें सबसे बड़ा टैक्सपेयर बताया गया।

माही ने फिर जीता लोगों का दिल

धोनी का नाम सामने आने के बाद एक बार फिर उनकी मजबूत ब्रांड वैल्यू और कमाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी विज्ञापन, निवेश और कई बड़े व्यवसायिक समझौतों के जरिए उनकी आय लगातार बनी हुई है। मैदान पर कप्तानी से करोड़ों दिल जीतने वाले माही अब जिम्मेदार टैक्सपेयर के रूप में भी लोगों के लिए मिसाल पेश कर रहे हैं।

करोड़ रुपये का कर राजस्व

रांची के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में आयकर विभाग ने बिहार और झारखंड के टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। विभाग के मुताबिक, पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड से करीब 12 हजार करोड़ रुपये का कर राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि बिहार का योगदान लगभग 8 हजार करोड़ रुपये रहा। अधिकारियों का कहना है कि झारखंड के मजबूत औद्योगिक और व्यापारिक ढांचे ने टैक्स संग्रह में अहम भूमिका निभाई।

टैक्स चोरी के खिलाफ अभियान

आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान की जानकारी भी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बीते साल 12 बड़े कारोबारी समूहों पर छापेमारी की गई और 90 से अधिक मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। इस दौरान विभाग ने एक चिंताजनक आंकड़ा भी साझा किया। बताया गया कि करीब 5 करोड़ पैन कार्ड धारकों में से सिर्फ 40 लाख लोग ही नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। विभाग ने नागरिकों से समय पर टैक्स भरने और जिम्मेदार करदाता बनने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर आई खुशियां, पत्नी देविशा ने बेटी को दिया जन्म