Punjab News: पंजाब विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में जमकर हंगामा देखने को मिला। सत्र शुरू होते ही विपक्षी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाते हुए वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने सीएम मान पर नशे में सदन में आने का आरोप लगाया, जिसके बाद सदन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस विधायकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के आरोपों के बाद कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और सदन से बाहर निकल गए।
कांग्रेस ने विधायकों का अल्कोहल टेस्ट कराने की मांग की
इसके बाद प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वे शराब पीकर सदन में आए थे। बाजवा ने मांग की कि सभी विधायकों का अल्कोहल टेस्ट कराया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसने शराब का सेवन किया है और किसने नहीं।
SKD ने भगवंत मान को लेकर जारी किया वीडियो
शिरोमणि अकाली दल (एसकेडी) ने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा है कि, “आप खुद मुख्यमंत्री का हाल देख लीजिए कि वह विधानसभा में किस तरह व्यवहार कर रहे हैं।”आगे शिरोमणि अकाली दल ने कहा है कि पार्टी मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की कड़ी निंदा करती है। आज के दिन उन्हें शराब पीकर विधानसभा नहीं जाना चाहिए था। शिरोमणि अकाली दल मांग करता है कि आज पूरे पंजाब के सामने मुख्यमंत्री का डोप टेस्ट कराया जाए ताकि पंजाब के लोगों को सच पता चल सके।

