होम = Others = लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्रा से अश्लील बातचीत का आरोप, पुलिस हिरासत में लिया गया

लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्रा से अश्लील बातचीत का आरोप, पुलिस हिरासत में लिया गया

by | May 16, 2026 | Others, क्राइम

Professor Accused of Harassment: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा से फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप लगा है। आरोप है कि असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने छात्रा को फोन कर आपत्तिजनक बातचीत की और परीक्षा का पेपर आउट कराने जैसी बातें भी कहीं। मामले से जुड़े दो ऑडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। छात्रा ने दोनों ऑडियो यूनिवर्सिटी प्रशासन को सौंप दिए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है। वहीं, लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है।

प्रोफेसर पर आरोप के बाद ABVP ने किया प्रदर्शन

पुलिस के मुताबिक 15 मई को लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने थाना महानगर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने एक छात्रा के साथ फोन पर अश्लील बातचीत की और उसे अनुचित लाभ देने का प्रलोभन दिया। छात्रा ने प्रोफेसर की कथित बातचीत के दो ऑडियो विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपे, जिनमें परीक्षा के प्रश्नपत्र आउट कराने जैसी बातें भी सामने आईं। मामले को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति गठित की। वहीं, शिकायत के आधार पर थाना हसनगंज में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त महानगर को सौंपी गई है। इधर, घटना सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन कर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि आंतरिक शिकायत समिति 24 घंटे के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी।