IMD Alert Heat Wave: दिल्ली एनसीआर के लोगों ने शुक्रवार की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ की, जहां न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले राजधानी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी और हवाओं ने मौसम बदल दिया था। हालांकि, आईएमडी के मुताबिक यह राहत ज्यादा दिन नहीं रहने वाली है और 16 मई, शनिवार से दिल्ली-एनसीआर में तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम विभाग ने रात में गरज-चमक, हल्की बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है।
17 मई को 42 डिग्री से ज्यादा रहेगा तापमान
आईएमडी के मुताबिक 17 मई को दिल्ली-एनसीआर का तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं 18 और 19 मई को अधिकतम तापमान 43 और 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि दिन में तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। 20 और 21 मई को मौसम साफ रहने के बीच तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
आईएमडी ने जारी किया है लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने तापमान में दोबारा बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दोपहर के समय तेज धूप से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। हाल ही में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं से दिल्ली-एनसीआर को थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर भीषण गर्मी लौटने लगी है।

