होम = News Top = पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु तक नतीजों के बाद राहुल गांधी हुए एक्टिव, 3 नेताओं से की फोन पर बातचीत

पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु तक नतीजों के बाद राहुल गांधी हुए एक्टिव, 3 नेताओं से की फोन पर बातचीत

by | May 4, 2026 | News Top

Rahul Gandhi calls mamata stalin or vijay: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में सामने आए चुनावी नतीजों की गूंज लंबे समय तक बनी रहने की संभावना है। इस बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों से संपर्क साधा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने सोमवार शाम को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और अभिनेता-राजनेता विजय से बातचीत की।

बंंगाल में कांग्रेस TMC और बीजेपी के खिलाफ लड़ी थी

राहुल गांधी ने ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से चुनाव के बाद की स्थिति और नतीजों को लेकर चर्चा की। गौरतलब है कि दोनों ही नेताओं के लिए यह चुनाव परिणाम निराशाजनक रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को बीजेपी के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस ने यहां टीएमसी और बीजेपी दोनों के खिलाफ अकेले चुनाव लड़ा था। वहीं तमिलनाडु में मुख्यमंत्री स्टालिन की पार्टी डीएमके को अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK से हार का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस ने यहां डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।

राहुल गांधी ने जीत पर विजय को दी बधाई

राहुल गांधी ने तमिलनाडु की राजनीति में उभार दर्ज करने वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के अध्यक्ष विजय को फोन कर उनके पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में TVK ने राज्य की स्थापित द्रविड़ पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। कांग्रेस की यह बातचीत भविष्य की राजनीतिक रणनीति और संभावित गठबंधन समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।