होम = News Top = पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा ED के शिकंजे में, सुबह छापेमारी के बाद गिरफ्तारी

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा ED के शिकंजे में, सुबह छापेमारी के बाद गिरफ्तारी

by | May 9, 2026 | News Top

ED Raids on Punjab Minister Sanjeev: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शनिवार सुबह उनके सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर भारी सुरक्षा के बीच छापेमारी की गई थी। चंडीगढ़ में करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे ED अधिकारियों ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

100 करोड़ से ज्यादा के मोबाइल की फर्जी जीएसटी दिखाने का है आरोप

अधिकारियों के मुताबिक, ED ने चंडीगढ़ स्थित संजीव अरोड़ा के आधिकारिक आवास समेत कुल पांच ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी और दिल्ली, गुड़गांव व चंडीगढ़ में हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तर भी शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, जिसमें अरोड़ा की कंपनी के जरिए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के मोबाइल फोन की फर्जी GST खरीद दिखाने का आरोप है।

सीएम भगवंत मान ने दी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ED की कार्रवाई पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा बार-बार एजेंसियों का इस्तेमाल कर पंजाब सरकार को दबाने की कोशिश कर रही है। मान ने कहा, “आज फिर भाजपा की ED संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है। एक साल में यह तीसरी और एक महीने में दूसरी कार्रवाई है, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला।” उन्होंने आगे कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीद भगत सिंह की धरती है, जिसे न तो औरंगजेब झुका पाया और न ही अंग्रेज, इसलिए पंजाब भाजपा और मोदी सरकार की कथित राजनीतिक चालों के आगे भी नहीं झुकेगा।

पूरा मामला समझिए

जांच एजेंसियों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा पर अपनी कंपनी के माध्यम से मोबाइल फोन की 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की फर्जी GST खरीद दिखाकर बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है। ED का दावा है कि शेल कंपनियों और फर्जी खरीद इनवॉइस के जरिए करीब 157.12 करोड़ रुपये की नकली बिक्री और फर्जी निर्यात दर्शाए गए। जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि FEMA नियमों का उल्लंघन करते हुए विदेशी कंपनियों के जरिए पैसों का कथित हेरफेर किया गया।

Tags : Ed Punjab