Fire Breaks out in Delhi’s vivek vihar: दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार में रविवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 से 6 लोग घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर से शुरू हुई और एसी ब्लास्ट को इसका संभावित कारण माना जा रहा है।
फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर कंट्रोल रूम ने तुरंत एक्शन लेते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके पर दमकल विभाग की 14 गाड़ियां भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने के बाद भी इमारत में फंसे लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया, ताकि किसी भी संभावित पीड़ित को समय रहते बाहर निकाला जा सके।
अधिकारी ने AC ब्लास्ट की आशंका जताई
दिल्ली फायर सर्विस के डिवीजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा ने मौके का निरीक्षण कर बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण एसी में हुआ जोरदार ब्लास्ट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इमारत की खराब बनावट और सुरक्षा नियमों की अनदेखी ने हादसे को और गंभीर बना दिया। इमारत में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही रास्ता था, जिससे आग लगने के बाद लोगों के बाहर निकलने के रास्ते सीमित हो गए और जान-माल का नुकसान बढ़ गया।

