होम = News Latest = यूपी कैबिनेट में नए चेहरे: भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय और सोमेंद्र तोमर बने मंत्री

यूपी कैबिनेट में नए चेहरे: भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय और सोमेंद्र तोमर बने मंत्री

CM Yogi’s Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का रविवार को दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है, जहां सबसे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद सपा से बगावत कर बीजेपी के करीब आए विधायक मनोज पांडेय, अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार के जरिए भाजपा ने एक बार फिर सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश की है। नए मंत्रियों में एक ब्राह्मण, तीन ओबीसी और दो दलित चेहरों को शामिल किया गया है। वहीं, राज्य मंत्री रहे अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन देकर सरकार ने संगठन और क्षेत्रीय संतुलन का संदेश देने की कोशिश की है।

भूपेंद्र चौधरी को मिल सकता है बड़ा विभाग

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भूपेंद्र चौधरी को पीडब्ल्यूडी जैसा अहम विभाग दिया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जितिन प्रसाद के पास से यह विभाग खाली हुआ था और तब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसे संभाल रहे हैं। शनिवार शाम सीएम योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर करीब 45 मिनट तक चर्चा की और नए मंत्रियों की सूची सौंपी।

जातीय और राजनीतिक संतुलन पर BJP का फोकस

बीजेपी ने इस विस्तार में ओबीसी और दलित वर्ग पर खास ध्यान दिया है। भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा बैंड-बाजे के साथ शपथ ग्रहण के लिए रवाना हुए। वहीं कृष्णा पासवान और कैलाश राजपूत को भी मंत्री बनाया जा रहा है। सपा की बागी नेता पूजा पाल का नाम भी चर्चा में था, लेकिन अंतिम सूची से उनका नाम हट गया।

अभी भी 6 पद खाली

फिलहाल यूपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक रूप से अभी 6 पद खाली हैं। योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 5 मार्च 2024 को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ था। ऐसे में यह दूसरा विस्तार आगामी राजनीतिक रणनीति और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।