Bulldozer on Kolkata TMC’s Office: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अब तक 3 लोगों की मौत और 5 पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में TMC कार्यालय और कुछ दुकानों पर बुलडोजर चलने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और नारेबाजी भी दिखाई दे रही है, जिससे राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की गई
कोलकाता में टीएमसी कार्यालय पर बुलडोजर चलने और मुर्शिदाबाद में लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने की घटनाओं के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी माहौल गरमा गया है। इन घटनाओं को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जबकि राज्य में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
टीएमसी ने बीजेपी वर्कर्स पर लगाए आरोप
मुर्शिदाबाद के जियागंज में मंगलवार रात दशकों पुरानी लेनिन की प्रतिमा को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया है और टीएमसी तथा बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस घटना के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि प्रतिमा को हटाकर वहां शिवाजी की प्रतिमा लगाने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि जियागंज गायक अरिजीत सिंह का गृह नगर है और यह स्थान उनके घर से करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित है।
पुलिस ने 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया
कोलकाता पुलिस ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि तपोसिया और तिलजाला के कुछ इलाकों में उपद्रवियों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। पुलिस के मुताबिक स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है और अब तक 2 मामले दर्ज कर 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और शांति भंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।

