होम = News Latest = सुबह-सुबह हिली जापान की धरती, 6.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत

सुबह-सुबह हिली जापान की धरती, 6.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत

by | Apr 27, 2026 | News Latest

Earthquake strikes in Northern Japan: जापान के लोगों को आज सुबह तेज भूकंप के झटकों ने दहला दिया, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, सोमवार तड़के देश के होक्काइडो इलाके में 6.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप सुबह 5:24 बजे (भारतीय समयानुसार 01:54 बजे) आया, जिसके झटके इतने तेज थे कि लोगों में दहशत फैल गई। एजेंसी ने बताया कि मध्य टोकाची क्षेत्र में तीव्रता ‘5+’ दर्ज की गई, जबकि कुछ हिस्सों में यह स्तर 5 से थोड़ा कम रहा।

मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों से आगे की जानकारी और संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। एजेंसी ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग घबराएं नहीं और जहां तेज झटके महसूस किए गए हैं, वहां के लोग शांत रहें। रिपोर्ट के अनुसार, देश में अभी तक भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

20 अप्रैल को भी आया था भूकंप

यह घटना 20 अप्रैल को पूर्वोत्तर और उत्तरी जापान में आए 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी। जापान मौसम एजेंसी के अनुसार, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी दर्ज की गई। सरकारी मीडिया क्योडो न्यूज के हवाले से एजेंसी ने बताया कि शाम 4:53 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता जापानी भूकंपीय पैमाने पर 7 में से 5 से अधिक दर्ज की गई थी और इसका केंद्र करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

Tags : Earthquake