होम = News Latest = दिल्ली-नोएडा समेत पूरे NCR में बदला मौसम, कई जगह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, गिरे ओले

दिल्ली-नोएडा समेत पूरे NCR में बदला मौसम, कई जगह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, गिरे ओले

Today Rain in Delhi-NCR: गुरुवार दोपहर दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली, जबकि गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। यमुना विहार और सीलमपुर जैसे इलाकों में तेज बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरने से लोगों को अचानक बदलते मौसम का सामना करना पड़ा।

IMD ने अलर्ट जारी किया

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-45 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और शाम के समय बारिश की गतिविधियां बढ़ने की भी आशंका जताई है।

पश्चिम विक्षोभ के चलते मौसम में आया बदलाव

मौसम विभाग ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से हो रहा है। इसी सिस्टम के कारण बीते दिन भी उत्तर भारत में ठंडी हवाएं चलीं और हल्की बारिश देखने को मिली थी। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज भी थंडरस्टॉर्म और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।