Suvendu Adhikari’s PA murder case: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि पूरी रेकी और साजिश के तहत अंजाम दिया गया। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के दो दिन बाद जब चंद्रनाथ रथ अपने पैतृक घर लौट रहे थे, तभी मध्यग्राम इलाके में घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 4 गोलियां दाग दीं। वारदात को जिस तरह से अंजाम दिया गया, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि हमलावर पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
रेकी के बाद की गई चंद्रनाथ की हत्या
पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावरों ने वारदात से 2-3 दिन पहले इलाके की रेकी की थी और लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। घटना वाली रात संदिग्ध लोग कार से उनकी स्कॉर्पियो का पीछा कर रहे थे। जैसे ही वाहन की रफ्तार धीमी हुई, सामने एक सफेद कार आकर रुक गई। इसी दौरान पीछे से पहुंचे बाइक सवार बदमाश ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गाड़ी रोक कर की गई फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय चंद्रनाथ स्कॉर्पियों से दोहरिया क्षेत्र में स्थित अपने आवास की जो रहे थे, जो घटनास्थल से मात्र 200 मीटर दूर था। जिस सफेद रंग की कार को चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो के आगे खड़ी करके उसे रोका गया था, उसमें कई लोग बाहर आए थे और गोलीबारी के बाद कार को लावारिस छोड़कर मोटरसाइकिल से गली-गली होते हुए निकल गए। इस दौरान करीब 16 राउंड गोलीबारी हुई। लावारिस कार का पंजीकरण नंबर WB74AK2270 है।

