ICSE Board Result: आईसीएसई बोर्ड द्वारा जारी हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में गोरखपुर जिले की अक्षिता गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप किया है। उन्होंने 99.40 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ जिले में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा भी मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।
अक्षिता की सफलता पर परिवार ने बांटी मिठाई
छात्रा अक्षिता की इस बड़ी सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है और घर पर मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया जा रहा है। अक्षिता वर्तमान में अपने परिवार के साथ शहर के पॉम पैराडाइज में रहती हैं। मूल रूप से लखनऊ के कल्याणपुर की रहने वाली अक्षिता के पिता गोरखपुर में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता निधि गुप्ता एक गृहिणी हैं। उनकी मां ने अक्षिता की परवरिश और पढ़ाई में अहम भूमिका निभाई है, जिसकी बदौलत आज उन्होंने यह शानदार उपलब्धि हासिल की है।
माता-पिता ने अक्षिता को लेकर क्या कहा?
अक्षिता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी एलकेजी (LKG) कक्षा से ही एचपी स्कूल में पढ़ाई कर रही है और शुरू से ही बेहद अनुशासित रही है। वह घर और स्कूल दोनों जगह पढ़ाई को लेकर इतनी जागरूक रहती थी कि उसे कभी अलग से टोकने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं उनकी मां निधि गुप्ता ने बताया कि अक्षिता अपने स्कूल वर्क को लेकर जो भी योजना बनाती थी, उसे पूरा करने के बाद ही आराम करती थी। उसकी इसी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत का नतीजा है कि आज उसने पूरे परिवार को गर्व का बड़ा अवसर दिया है।

