Assam Elephant Accident: असम के होजई जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में हाथियों का एक झुंड आ गया, जिससे 8 हाथियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। इस टक्कर के बाद ट्रेन के पांच कोच और इंजन पटरी से उतर गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कैसा हुआ हादसा
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 2:17 बजे होजई जिले के चांगजुरई इलाके में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नागांव के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर सुभाष कदम ने पुष्टि की कि हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन उनसे टकरा गई। हादसे के बाद जमुनामुख–कम्पुर सेक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है और ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है। राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सैरांग (आइजोल के पास) से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक चलती है।
अब क्या है हालात
ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि अचानक जोरदार झटका महसूस हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकने के बाद जब यात्री नीचे उतरे, तो ट्रैक पर बिखरे हाथियों के शव देखकर सभी स्तब्ध रह गए। यह हादसा एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और रेलवे ट्रैक पर उनके आवागमन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घायल हाथी का इलाज वन विभाग की टीम कर रही है।
ये भी पढ़े: धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली-NCR, दृश्यता शून्य, AQI आसमान पर, जाने क्या है हालात

