Vidhan Sabha Chunav Results 2026: 4 मई 2026 की सुबह देश की राजनीति के लिए बेहद अहम बन गई है। केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। हर राउंड के साथ तस्वीर बदल रही है और नतीजों को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है।
हो सकता है केरल में सत्ता परिवर्तन?
केरल की 140 सीटों पर मिल रहे शुरुआती संकेतों में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) बढ़त बनाए हुए है। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन हो सकता है और मौजूदा लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) की वापसी मुश्किल दिख रही है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी भी इस बार केरल में अपना खाता खोलती नजर आ रही है, जो राज्य की राजनीति में नया समीकरण पैदा कर सकता है।
पुडुचेरी में किसका होगा दबदबा
वहीं पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। शुरुआती रुझानों के अनुसार ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन बढ़त बनाए हुए है। AINRC+ करीब 13 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) 4 सीटों पर और कांग्रेस गठबंधन 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इन आंकड़ों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पुडुचेरी में NDA की सरकार दोबारा बन सकती है।
EVM के वोटों की गिनती है जारी
सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई, जिसके बाद अब EVM के वोटों की गिनती जारी है। जैसे-जैसे रुझान सामने आ रहे हैं, राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में मतगणना को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। राजनीतिक दलों के नेता और विश्लेषक हर सीट पर नजर बनाए हुए हैं और संभावित नतीजों को लेकर लगातार समीकरण बैठा रहे हैं।

