Moringa In Diet: आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाले लोग अपनी डाइट में सुपरफूड्स को तेजी से शामिल कर रहे हैं। इन्हीं में से एक है मोरिंगा, जिसे सहजन के नाम से भी जाना जाता है। पोषक तत्वों से भरपूर मोरिंगा शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। यही वजह है कि बाजार में मोरिंगा पाउडर, कैप्सूल और टैबलेट्स की डिमांड भी बढ़ रही है। हालांकि, इसे सिर्फ सप्लीमेंट के रूप में ही नहीं बल्कि कई स्वादिष्ट तरीकों से भी डाइट में शामिल किया जा सकता है। आइए जानते हैं मोरिंगा खाने के 5 आसान और हेल्दी तरीके।
सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है मोरिंगा
मोरिंगा की पत्तियां और फलियां दोनों ही पोषण से भरपूर मानी जाती हैं। इसमें विटामिन C, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा, बाल और इम्यूनिटी के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। इसके नियमित सेवन से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं।
मोरिंगा की ड्राई चटनी
मोरिंगा की पत्तियों से स्वादिष्ट ड्राई चटनी तैयार की जा सकती है। इसके लिए पत्तियों को हल्का रोस्ट करें। फिर चना दाल, उड़द दाल, करी पत्ता, तिल और लाल मिर्च जैसे मसालों को भून लें। सभी चीजों को मिलाकर पीस लें और एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें। रोजाना थोड़ी मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है।
मोरिंगा का अचार
सहजन की फलियों का अचार भी काफी पसंद किया जाता है। यह स्वाद बढ़ाने के साथ डाइट में मोरिंगा शामिल करने का आसान तरीका है। अच्छी तरह तैयार किया गया अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है, जिससे बार-बार बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
बच्चों के लिए मोरिंगा पराठा
मोरिंगा के पराठे बच्चों और बड़ों दोनों के लिए हेल्दी ऑप्शन हो सकते हैं। इसके लिए पत्तियों को बारीक काटकर आटे में मसालों के साथ गूंथ लें। वहीं, फलियों को उबालकर उसका गूदा निकालकर भी आटे में मिलाया जा सकता है। इससे बने पराठे स्वादिष्ट और पौष्टिक होते हैं।
मोरिंगा की मसालेदार सब्जी
मोरिंगा की फलियों की सब्जी भी खाने में काफी स्वादिष्ट लगती है। इसे बनाने के लिए फलियों को छोटे टुकड़ों में काट लें और हल्दी, मिर्च, नमक, प्याज, अदरक-लहसुन जैसे मसालों के साथ पकाएं। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ सर्व किया जा सकता है।
मोरिंगा सूप भी है हेल्दी विकल्प
मोरिंगा की पत्तियों और फलियों से तैयार सूप हल्का और पौष्टिक माना जाता है। यह पाचन में आसान होता है, इसलिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। माना जाता है कि यह इम्यूनिटी मजबूत करने और हड्डियों को ताकत देने में मददगार हो सकता है।
ये भी पढ़ें: क्या आप भी शुरू करने जा रहे हैं Protein Powder? इन 4 बातों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज

