Gond katira Uses: जैसे ही गर्मियों का मौसम शुरू होता है, तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर शरीर पर साफ नजर आने लगता है। इस दौरान डिहाइड्रेशन, थकावट, चिड़चिड़ापन और शरीर में अत्यधिक गर्मी जैसी दिक्कतें आम हो जाती हैं। ऐसे में खानपान में ऐसी चीजों को शामिल करना जरूरी हो जाता है, जो शरीर को अंदर से ठंडक दें। घरेलू नुस्खों में गोंद कतीरा को खास महत्व दिया जाता है, जिसे आयुर्वेद में ठंडी तासीर वाला माना गया है। आमतौर पर लोग इसका सेवन शरबत के रूप में करते हैं, लेकिन इसे कई अन्य तरीकों से भी डाइट में शामिल किया जा सकता है।
अगर आप भी गर्मी के मौसम में खुद को ठंडा और तरोताजा बनाए रखना चाहते हैं, तो गोंद कतीरा के इन आसान और असरदार तरीकों को अपनाकर फायदा उठा सकते हैं।
गोंद कतीरा का शरबत
गर्मियों में लू से बचने के लिए गोंद कतीरा का शरबत काफी फायदेमंद माना जाता है। इसे बनाने के लिए गोंद कतीरा को रातभर पानी में भिगो दें। सुबह यह फूलकर जेली जैसा बन जाता है। इसे ठंडे दूध या पानी में मिलाकर पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और लू से बचाव में मदद मिलती है।
गोंद कतीरा के लड्डू
गोंद कतीरा के लड्डू भी हेल्दी विकल्प हैं। भिगोए हुए गोंद कतीरा को सुखाकर घी, गुड़ और सूखे मेवों के साथ मिलाकर लड्डू तैयार किए जा सकते हैं। रोजाना एक लड्डू खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और कमजोरी दूर होती है, साथ ही गर्मी का असर भी कम होता है।
गोंद कतीरा फालूदा
गर्मी में ठंडक पाने के लिए गोंद कतीरा से फालूदा बनाना भी अच्छा विकल्प है। फालूदा सेव, ठंडा दूध, गुलाब सिरप और गोंद कतीरा को मिलाकर स्वादिष्ट फालूदा तैयार किया जा सकता है। यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ तुरंत एनर्जी देने में मदद करता है।
दही के साथ गोंद कतीरा
गोंद कतीरा को दही के साथ मिलाकर खाना भी लाभकारी होता है। भीगे हुए गोंद कतीरा को दही में मिलाकर सेवन करने से पाचन तंत्र बेहतर होता है, पेट को ठंडक मिलती है और एसिडिटी की समस्या में राहत मिलती है। स्वाद के लिए इसमें शहद या चीनी भी मिला सकते हैं।
डेजर्ट या आइसक्रीम में उपयोग
गोंद कतीरा को आप घर पर बनी आइसक्रीम या अन्य ठंडे डेजर्ट में भी शामिल कर सकते हैं। यह शरीर की गर्मी को कम करने में मदद करता है और मीठा खाने के लिए एक हेल्दी विकल्प बन जाता है।
ये भी पढ़ें: शरीर के ये छोटे संकेत बताते हैं आप कितने फिट, जानिए हेल्दी बॉडी के संकेत

