Summer Throat Care Tips: गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है और इसके साथ ही गले से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। ठंडी चीजों का ज्यादा सेवन और एसी-कूलर में लंबे समय तक रहना भले ही तुरंत राहत देता हो, लेकिन इससे गले पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते सावधानी बरती जाए और घरेलू उपायों की मदद से राहत पाई जाए।
गर्मी में गले की समस्या क्यों बढ़ती है?
तेज गर्मी से बचने के लिए लोग अक्सर ठंडा पानी, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं। ये चीजें गले को पल भर में ठंडक देती हैं, लेकिन अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसके अलावा, एसी या कूलर के सामने ज्यादा देर बैठने से गले में सूखापन बढ़ जाता है, जो आगे चलकर खराश और खांसी की वजह बनता है। धूल और प्रदूषण इस परेशानी को और गंभीर बना देते हैं, जिससे इरिटेशन और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
घरेलू उपायों से पाएं राहत
गले की खराश, खांसी और जुकाम जैसी समस्याओं में दवाइयों के अलावा कुछ आसान घरेलू उपाय भी काफी असरदार साबित हो सकते हैं। आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार, घर में मौजूद चीजों से ही गले की देखभाल की जा सकती है।
शहद और गुनगुना पानी
गले की जलन और खराश से राहत पाने के लिए गुनगुने पानी में शहद मिलाकर पीना लाभकारी माना जाता है। शहद में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण गले को आराम पहुंचाते हैं और सूखापन कम करते हैं। रोजाना एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद मिलाकर धीरे-धीरे पीने से फायदा मिलता है।
नमक वाले पानी से गरारे
गले की सूजन और दर्द को कम करने के लिए नमक वाले गुनगुने पानी से गरारे करना एक पुराना और कारगर तरीका है। दिन में 2-3 बार आधा चम्मच नमक मिलाकर गरारे करने से बैक्टीरिया खत्म होते हैं और गले को राहत मिलती है।
अदरक और तुलसी की चाय
अदरक और तुलसी दोनों ही गले के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। अदरक में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं, जबकि तुलसी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। इन दोनों को पानी में उबालकर चाय बनाकर पीने से गले का दर्द और सूखापन कम होता है।
हल्दी वाला दूध
हल्दी को प्राकृतिक एंटीसेप्टिक माना जाता है। रात में सोने से पहले गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पीने से गले के संक्रमण में राहत मिलती है और शरीर अंदर से मजबूत होता है।
मुलेठी का सेवन
गले की खराश से राहत पाने के लिए मुलेठी का इस्तेमाल भी फायदेमंद है। इसका छोटा टुकड़ा मुंह में रखकर चूसने से गले में नमी बनी रहती है और सूखापन कम होता है।
ये भी पढ़ें: Bad Food Combination: सेहत के लिए जानलेवा हैं ये फूड कॉम्बिनेशन, जानिए उनके नाम

