Car bomb attack in northwest Pakistan: पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के बन्नू ज़िले में एक पुलिस चौकी पर हुए चरमपंथी हमले में मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। बन्नू मेडिकल एंड टीचिंग इंस्टीट्यूट के प्रवक्ता नोमान ख़ान ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतक पुलिसकर्मी थे। हमले में घायल हुए तीन अन्य पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस ने हमले को लेकर जारी किया बयान
बन्नू रेंज पुलिस के अधिकारी सज्जाद ख़ान के कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि फ़तेह खेल पुलिस चौकी की इमारत के मलबे से 12 पुलिसकर्मियों के शव निकाले गए। वहीं, तीन अन्य पुलिसकर्मियों को मलबे से ज़िंदा बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद राहत और बचाव अभियान कई घंटों तक जारी रहा।
सीएम ने हमले की निंदा की
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने इस चरमपंथी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसमें हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ यह संघर्ष केवल खैबर पख्तूनख्वा की नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। अफरीदी ने आरोप लगाया कि बंद दरवाजों के पीछे लिए गए फैसलों और थोपे गए नीतिगत कदमों ने देश को असुरक्षा की स्थिति में धकेल दिया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि शहीदों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और आतंकवाद के इस खतरे को पूरी तरह खत्म करने तक संघर्ष जारी रहेगा।

