Maha Shivratri News : महाशिवरात्रि पर देशभर के मंदिरों में रविवार को शिवलिंग की पूजा और जलाभिषेक के लिए भक्तों का जमावड़ा देखा गया है। मंदिरों में श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। चारों ओर ‘हर हर महादेव’ और ‘बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं।
33 फीट ऊंचे शिवलिंग पर भक्तों का तांता
बिहार के मोतिहारी के कैथौलिया गांव में दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग के पूजा करने आज महाशिव रात्रि पर लोग पहुंच रहे हैं। शिवलिंग की स्थापना के बाद से इस जगह का तेजी से विकास हो रहा है। आज महाशिवरात्रि के मौके पर यहां श्रद्धालुओं का आना लगा हुआ है। आसपास के गांव से भी लोग यहां आकर महादेव की पूजा कर रहे हैं। यह शिवलिंग विशेष है, क्योंकि यह दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है और इसे तमिलनाडु से बिहार लाया गया है। 33 फीट ऊंचा और 210 मैट्रिक टन वजन इस शिवलिंग का है।
देवघर में श्री बाबा बैद्यनाथ की हो रही पूजा अर्चना
महाशिवरात्रि के मौके पर देवघर में श्री बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी अजय परिहस्त ने बताया कि महाशिवरात्रि का यहां विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम न केवल ज्योतिर्लिंग है, बल्कि एक शक्तिपीठ भी है। ऐसे में पूरे दिन यहां बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना है।
महाकाल के दर्शन को भक्तों की लगी लंबी कतारे
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाभिषेक का आयोजन किया गया। यहां सुबह से ही लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। भक्त शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद और बेलपत्र चढ़ाते नजर आ रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, जल व्यवस्था और दर्शन के लिए अलग-अलग मार्ग शामिल हैं।
काशी में सुबह 3:30 बजे खुले मंदिर के कपाट
महाशिवरात्रि पर काशी में 2:15 से 3:15 तक बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती सम्पन्न होने के बाद तड़के 3:30 से आम श्रद्धालुओं के लिए कपाट खुल गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की और मंदिर परिसर में उनका स्वागत किया।
ये भी पढ़ें: Maha shivratri 2026: महाशिवरात्रि पर क्या करें, क्या न करें; पूजा से पहले जान लें ये जरूरी बातें

