होम = Cover Story Featured = PM मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण पर कर सकते हैं बड़ी घोषणा

PM मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण पर कर सकते हैं बड़ी घोषणा

by | Apr 18, 2026 | Cover Story Featured

PM Modi to Address Nation Tonight: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार की रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि उनके संबोधन में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दे पर बात हो सकती है। दरअसल, इससे जुड़ा विधेयक हाल ही में लोकसभा में पारित नहीं हो सका था और जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण अटक गया। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री इसी विषय पर देश को संबोधित कर सकते हैं, हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आरक्षण विधेयक के पारित नहीं होने पर PM ने जताई थी नाराजगी

आज संसद भवन में आयोजित सीसीएस की बैठक के दौरान भी पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक के पारित न होने पर नाराजगी जताई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा और इस मुद्दे को देश के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष की मानसिकता महिला विरोधी है और वे इसे छिपाने के लिए बहाने ढूंढ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विधेयक का समर्थन न करने पर विपक्ष को लंबे समय तक पछताना पड़ सकता है।

विधेयक पर सरकार को नहीं मिले थे दो-तिहार वोट

सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन विधेयक लेकर आई थी, जिनमें एक संविधान संशोधन विधेयक भी शामिल था। इस पर हुए मतदान में 298 सांसदों ने समर्थन किया, जबकि 230 ने विरोध में वोट डाला, लेकिन विधेयक को पारित होने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका। इसके बाद सरकार ने बाकी दोनों विधेयकों पर मतदान नहीं कराया। बताया जा रहा है कि करीब 12 साल में यह पहली बार है जब सरकार किसी महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कराने में सफल नहीं हो पाई।